कोरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति का जायजा लेने बैकुंठपुर जनपद पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत पिपरा में पहुंचकर निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया और पात्र हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। सीईओ ने आवास मित्र, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक और ब्लॉक समन्वयक को निर्देश दिए कि वे हितग्राहियों को आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद करें, जिससे जल्द से जल्द सभी को पक्के मकान का लाभ मिल सके। सीईओ ने कार्य में तेजी लाने का सुझाव देते हुए कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान आवास योजना ग्रामीण के जिला अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की और आगे की कार्य योजना पर चर्चा की।


