कोर्ट के आदेश पर नगर परिषद ने हटाया अतिक्रमण:लोगों ने किया कार्रवाई का विरोध, पुलिस की समझाइश के बाद माने

नगर परिषद और सार्वजनिक निमार्ण विभाग की टीम ने कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को मालपुरा गेट से बहीर तक के रास्ते के अतिक्रमणों को हटाया। पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से हटाए करीब पौने एक किमी रोड किनारे के अस्थाई अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ महिलाओं ने हल्का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मदद से उन्हें नगर परिषद की टीम ने समझा कर एक ओर कर दिया। यह कार्रवाई दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चली। नालों से अतिक्रमण हटाने के मामले में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट टोंक ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिया था। इसकी पालना में गुरुवार को नगर परिषद राजस्व अधिकारी शोरभ गर्ग एवं कोर्ट से नियुक्त सेल अमीन गोविंद लाल साहू के साथ अतिक्रमण हटाओ दस्ता पुरानी टोंक पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचा। जहां मालपुरा गेट से बहीर तक बने पुराने नाले के आस-पास अतिक्रमण मिला। यहां लोगों ने बाड़े बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। करीब दोपहर 12 बजे अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इसको लेकर कुछ महिला-पुरुष मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया। कुछ देर अतिक्रमियों और अतिक्रमण हटाने गई नगर परिषद टीम के बीच बहस भी हुई, लेकिन टीम ने समझाइश कर अतिक्रमण को हटाया। राजस्व अधिकारी शौरभ गर्ग ने बताया कि नाले के आस-पास अतिक्रमण से कहीं नाला संकरा तो कहीं जगह छोटा हो जाने से पानी का बहाव बाधित हो रहा था। ऐसे में कोर्ट के आदेश के बाद मालपुरा गेट से बहीर तक अतिक्रमण को हटाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *