दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा द्वारा जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को उपखंड अधिकारी मूलचंद लूणिया ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लेबर रूम, शौचालय, निशुल्क दवा वितरण केंद्र, लैब में विभिन्न प्रकार की जांच एवं वार्डों की साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, बिजली, जनरेटर, पानी की व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाले दूध तथा लू एवं तापघात से पीड़ित मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से दूध वितरण की जानकारी ली। चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति जांची। साथ ही हीट वेव एवं तापघात से पीड़ित मरीजों के लिए अलग से वार्ड आरक्षित कर एसी लगाने व पेयजल की व्यवस्था करने, पर्दो, बेड शीट बदलवाने के निर्देश दिए। अस्पताल में संचालित इंदिरा रसोई का निरीक्षण कर निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर लालसोट और महुवा में भी दिव्यांग पत्र बनवाने के लिए सीएमएचओ से बात की ताकि इन्हें कम परेशानी हो। बता दें कि दो दिन विधायक ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था, जिसमें कई कमियां सामने आने के बाद चिकित्सा मंत्री और कलेक्टर से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में शिकायत की थी।


