अशोकनगर में न्यायालय ने सोमवार को एक व्यक्ति पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए दस हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। व्यक्ति नए साल के मौके पर शराब पीकर गाड़ी चला रहा था, जो पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। आज न्यायालय ने कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार चालक पर 10 हजार का जुर्माना लगाया और उसका लाइसेंस रद्द करने के लिए आरटीओ को पत्र भी लिखा। दरअसल पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन ने नए साल के मौके पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के चलते यातायात पुलिस ने सेन तिराहे पर चेकिंग की तो युवक शराब के नशे में लगा। जिसकी अल्कोहल मात्रा 112.0 एमजी प्रति 100 एमएल थी। पुलिस ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।


