कोलकाता में आयोजित डॉ बिमल रॉय पद्मश्री ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में जयपुर की होनहार खिलाड़ी जूही कुमारी ने भारत का नाम रोशन किया है। 18 जनवरी 2025 को खुदीराम अनुशीलन केंद्र इनडोर स्टेडियम में वेस्ट बंगाल रेलवे पुलिस द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जूही ने अपने आयु वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। जूही द पैलेस स्कूल की क्लास 8 की स्टूडेंट है। लगभग 300 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी वाली इस चैंपियनशिप में 11-12 वर्ष की आयु श्रेणी में जूही ने दोहरी सफलता हासिल की। जूही की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके कोच निर्मल बोहरा और मोहन श्रेष्ठ ने बधाई दी। स्कूल की प्रिंसिपल उर्वशी वर्मन, महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्रहालय ट्रस्ट की कार्यकारी ट्रस्टी रमा दत्ता और कॉल्स टीचर प्रतिभा यादव ने भी जूही की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।


