कोलारस में बस-ट्रक की टक्कर, 12 लोग घायल:NH-46 पर आमने-सामने भिड़ंत, इधर सतनबाड़ा में कार रेलिंग में घुसी

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-46 पर भड़ौता ब्रिज के पास स्लीपर कोच बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए इमरजेंसी गेट का सहारा लेना पड़ा। बस में सवार करीब 10 यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ग्वालियर से इंदौर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार स्काई बस सर्विस की बस ग्वालियर से इंदौर जा रही थी। बस चालक जितेंद्र यादव ने बताया कि ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, जिससे टक्कर हो गई। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि हाईवे की हालत खराब होने और घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सतनबाड़ा में भी हादसा, कार रेलिंग में घुसी, चार घायल इधर, शिवपुरी जिले के सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर कुलदीप होटल के पास बुधवार रात करीब 8 बजे एक कार अनियंत्रित होकर हाईवे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग कार के आर-पार हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर सतनबाड़ा थाना प्रभारी सुनील राजपूत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जानकारी के अनुसार गुना जिले के निवासी रवि धाकड़, प्रदीप धाकड़, महेंद्र धाकड़ और श्रीवल्लभ धाकड़ कार से मथुरा-वृंदावन जा रहे थे। गनीमत रही कि हादसे में सभी की जान बच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *