मंदसौर के गोल चौराहा क्षेत्र में बुधवार रात व्यापारिक लेन-देन को लेकर हुई फायरिंग की घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सराफा व्यापारी दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन और विकास सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार मीणा, एडिशनल एसपी टीएस बघेल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दिलीप जैन छिंगावत व्यापारियों का सोना लेकर जेवर बनाने का काम करते थे। मंदसौर और आसपास के कई व्यापारियों का कई किलो सोना उनके पास होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस व्यापारिक लेन-देन और आपसी रंजिश सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ले लिया है। देखिए 4 तस्वीरें… घर के भीतर चली गोली, पिस्टल और चाकू जब्त
पुलिस के मुताबिक तीसरा मृतक विकास सोनी दिलीप जैन के घर पहुंचा था। उस समय घर में दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन मौजूद थे। रात करीब साढ़े आठ बजे घर के अंदर से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके से एक पिस्टल और एक चाकू जब्त किए गए हैं। तीनों शवों को जिला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। विवाद के बाद हमला, फिर खुदकुशी की आशंका
विकास, राजस्थान के निम्बाहेड़ा का सराफा व्यापारी था। वह ‘अपना ज्वेलर्स’ नाम की दुकान चलाता था। बुधवार को विकास मंदसौर स्थित दिलीप जैन के घर पहुंचा। उस समय घर में केवल दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन थे। पुलिस के मुताबिक दिलीप और विकास ने साथ में चाय पी, जो रेखा जैन ने बनाई थी। चाय देने के बाद रेखा दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई थी। इसी बीच व्यापारिक लेन-देन को लेकर दिलीप और विकास के बीच विवाद हो गया और झूमाझटकी जैसी स्थिति बन गई। शोर सुनकर दिलीप की पत्नी रेखा बीच-बचाव के लिए पहुंची। इस दौरान विकास ने पिस्टल निकालकर दिलीप पर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने चाकू निकालकर दिलीप की छाती और चेहरे पर वार किए। रेखा को भी चाकू से गोद डाला। इसके बाद विकास ने पिस्टल से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में केवल एक ही गोली चली, जो विकास ने खुद को मारी थी। विकास के पत्नी और मां मंदसौर नहीं पहुंचे
मंदसौर में गुरुवार सुबह जैन दंपती और विकास सोनी के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। इस दौरान एसपी विनोद कुमार मीना भी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बुधवार रात विकास के परिजन को घटना की सूचना दे दी थी, फिलहाल कोई परिजन मंदसौर नहीं पहुंचे हैं। विकास के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में केवल उसकी पत्नी और मां ही हैं।


