प्रदेश के छिंदवाड़ा और राजस्थान में “Coldrif” कफ सिरप से बच्चों की मौत हो गई। इस सिरप में जहरीला रसायन डीएथीलीन ग्लाइकोल पाया गया। घटना के बाद शनिवार को बैतूल जिले के दो बच्चों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। बच्चों को बुखार आने के बाद इलाज के लिए परासिया ले जाया गया था, जहां उनकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार कबीर को डॉक्टर सोनी ने प्रिस्क्रिप्शन में कोल्ड्रिफ सिरप लिखी थी। अब जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। परासिया में इलाज के बाद बिगड़ी थी स्थिति जानकारी के अनुसार, जिले के आमला विकास खंड के कलमेश्वरा और जामुन बिछुवा गांव के दो बच्चे कबीर पिता कमलेश (4) और गर्मित पिता निखलेश (ढाई साल) गंभीर किडनी समस्या से पीड़ित हुए। कबीर की मौत भोपाल में 8 सितंबर को कबीर नामक बच्चे की मौत भोपाल में हुई। परिजनों के अनुसार, 24 अगस्त को सबसे पहले कबीर को बुखार आने पर परासिया के डॉक्टर प्रवीण सोनी को दिखाया गया। इलाज के बाद उसे घर ले जाया गया, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परासिया के दो अन्य डॉक्टरों से भी सलाह ली गई। यहां बताया गया कि बच्चे की किडनी प्रभावित हो रही है। इसके बाद परिजन उसे नागपुर ले गए, जहां एक दिन अस्पताल में भर्ती रखने के बाद डॉक्टर ने घर ले जाने की सलाह दी। परिजन संतुष्ट नहीं थे, इसलिए वे उसे सीधे भोपाल ले गए। वहां पहुंचते ही रात करीब साढ़े चार बजे कबीर की मौत हो गई। गर्वित की मौत गांव में दूसरी घटना लादी ग्राम की है। यहां ढाई साल के गर्वित की तबीयत बिगड़ने पर उसका इलाज कराया जा रहा था, लेकिन 1 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। गर्वित, निखिलेश नामक व्यक्ति का बेटा था। बीएमओ बोले- इलाज के बाद किडनी और पेट फूलने की समस्या हुई बीएमओ डॉ. अशोक नरवरे ने बताया कि बच्चों को बुखार आने पर परिजन उन्हें छिंदवाड़ा के परासिया स्थित किसी डॉक्टर सोनी के पास ले गए थे। इलाज के बाद बच्चों में किडनी की समस्या और पेट फूलने जैसे लक्षण दिखाई दिए। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बैतूल लाया गया और फिर आगे के इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। डॉ. नरवरे ने यह भी बताया कि बच्चों का पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया था, लेकिन गंभीर किडनी समस्या की रिपोर्ट सीएमएचओ को भेजी गई थी। एसडीएम बोले- प्रशासन जानकारी जुटा रहा आमला एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने भी बच्चों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रहा है। सीएमएचओ डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बताया- रविवार को बीएमओ को पूरी रिपोर्ट और मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री के साथ तलब किया गया है। इसके बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।


