भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने रविवार सुबह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। वह भस्म आरती में शामिल हुए और नंदी हॉल में बैठकर पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। धवन ने कहा कि भगवान महाकाल के दरबार में आकर शक्ति का अनुभव होता है। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बात करते हुए शिखर धवन ने बताया कि वह दूसरी बार बाबा महाकाल के दरबार में आए हैं। उन्होंने कहा कि यहां आकर हर कोई बाबा की भक्ति में लीन हो जाता है और बहुत शक्ति मिलती है। भगवान महाकाल का आशीर्वाद हमेशा जरूरी है। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने शिखर धवन को भगवान महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।


