भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 5 दिनों से भर्ती कोविड पॉजिटिव वृद्धा की हालत गंभीर है। कौरिनभांठा की रहने वाली वृद्धा का मेडिकल कॉलेज में इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि रविवार को वह वेंटिलेटर पर थी। सोमवार को उसे बाहर लाया गया लेकिन उसकी हालत गंभीर है। महिला की उम्र करीब 65 वर्षीय बताई जा रही है, तबियत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते अचानक उसकी तबियत बिगड़ी थी। महिला को बीपी, शुगर की शिकायत है और जब उसे भर्ती करने लाया गया था तब निमोनिया के लक्षण मिले थे। जिसे देख महिला का कोविड टेस्ट किया गया जो पॉजिटिव मिला। महिला कुछ दिन आईसीसीयू में भी भर्ती रही। अब उसे कोविड आईसीसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस समय केवल यही एक एक्टिव केस है। विगत दिनों पॉजिटिव मिले डॉक्टर दंपती कोविड पॉजिटिव मिले थे। पुलिस लाइन में संभावित 27 की जांच में 6 पॉजिटिव केस पॉजिटिव मिले जो होम आइसोलेशन पर रह कर स्वस्थ हो चुके हैं। विगत दिनों कन्हारपुरी निवासी एक कोविड पॉजिटिव वृद्ध की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके अलावा एक कोविड पॉजिटिव वृद्ध की रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई थी। दोनों मरीजों को कई तरह की बीमारियां थी। उनका कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया था संपर्क वालों की जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला था।


