राजस्थान के 10 से ज्यादा जिलों में शनिवार (18 जनवरी) को भी घने कोहरे का असर रहा। अजमेर जिले में विजिबिलिटी कम होने के कारण दो बसें आगे चल रहे वाहनों से भिड़ गईं। वहीं, एक कार भी ट्रॉले से टकरा गई। आसपास हुए तीन एक्सीडेंट में 2 लोग घायल हुए हैं। धुंध के कारण बांदीकुई (दौसा) में खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे की देरी से पहुंची। कोहरे के साथ शीतलहर और गलन भरी सर्दी की चपेट में भी प्रदेश के अधिकतर हिस्से हैं। जयपुर सहित कई जिलों में शुक्रवार रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज गई है। मौसम केंद्र ने 22 जनवरी के बाद बारिश की भी आशंका जताई है। शीतलहर ने ठिठुराया, धुंध से थमी रफ्तार बीते करीब एक हफ्ते से जारी गलन भरी ठंड का दौर शनिवार (18 जनवरी) सुबह भी जारी रहा। कोहरे के असर से भी जयपुर, अजमेर, सीकर, दौसा, अजमेर सहित 14 से ज्यादा जिले प्रभावित रहे। इन जिलों के निकलने वाले नेशनल व स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। अजमेर में शनिवार कोहर के कारण तीन अलग-अलग एक्सीडेंट भी हुए। पाटन गांव के पास पंजाब रोडवेज की बस आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। सवारियों को अन्य वाहन से आगे भेजा गया। एक दूसरे हादसे में गुजरात नंबर की कार ट्रोले से टकराई, जिसमें दो लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल भेजा गया। तीसरे एक्सीडेंट में एक स्लीपर बस भी एक और गाड़ी से भिड़ गई। 2 दिन के लिए मिल सकती है सर्दी से राहत राजस्थान में उत्तरी हवा के प्रभाव से सर्दी तेज हो गई है। शुक्रवार को जयपुर में गलन भरी सर्दी रही और शीतलहर चली। वहीं, शुक्रवार को भी जयपुर में दिन का तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर समेत कई शहरों में भी न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। भरतपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, अलवर में कोल्ड-डे की स्थिति रही। हालांकि, मौसम केंद्र के अनुसार 19 से 21 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। माउंट आबू में शून्य के नजदीक पहुंचा तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू पर सर्द हवाओं के कारण शुक्रवार को तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। आबू में कल न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा, डूंगरपुर को छोड़कर कल प्रदेश के सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक राजस्थान में 22 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के मौसम में फिर बड़ा बदलाव आएगा। इस सिस्टम के असर से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जना के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। राजस्थान के मौसम से जुड़ी PHOTOS…


