सर्द हवाओं और गलन के साथ कड़ाके की ठंड अब हाड़ कंपाने लगी है। बुधवार सुबह 8 बजे कोहरा इतना घना कोहरा छाया रहा कि विजिबिलिटी दस मीटर से भी कम रही। सुबह बादलों के बीच 9 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। ठंड के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हुई। सर्दी-जुकाम की आशंका से अभिभावक चिंतित हैं। सुबह नौ बजे सूरज दिखा लेकिन कोहरे की ओट में छुपा रहा।कोहरा इतना घना था कि आनासागर झील के बीचो-बीच बना टापू भी दिखाई नहीं दिया। दिन का अधिकतम पारा सोमवार के मुकाबले 0.5 डिग्री गिरकर 16.7 व न्यूनतम 5.8 की गिरावट के साथ 5.3° दर्ज किया गया। पारा सामान्य से काफी नीचे होने से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। तीन दिन से रात का पारा लगातार 6° से नीचे है। दोपहर के तापमान में 2.5° की गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो दिन में अधिकतम तापमान क्रमशः 19.2 और 17.2°, जबकि न्यूनतम 5.8° रहा था। मौसम विभाग के अनुसार संभाग के कुछ हिस्सों में बुधवार को घना कोहरा और अतिशीत दिन का अनुमान है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक नीचे रह सकता है। आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दो-तीन दिन में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट संभव है। शीतलहर का दौर जारी रहेगा। कुछ क्षेत्रों में पारा 4 डिग्री से कम हो सकता है, जिससे “शीत दिवस’ की स्थिति बन सकती है। बुधवार को भी घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी है। 7 जनवरी को ठंडी हवाओं के साथ गलन बनी रहेगी। 8 जनवरी को सुबह कोहरा, ठंडी हवाओं से पारा गिरने के आसार हैं। 9 जनवरी को ओस गिरने के साथ गलन बनी रहेगी।


