क्रिकेट टूर्नामेंट में दो बेटियों का विवाह:दमोह के मैदान में फाइनल मैच के दौरान चढ़ी बारात; सात फेरों के साक्षी बने दर्शक

दमोह जिले की हटा विधानसभा के कुम्हारी में रविवार को ‘विवाह कप’ क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान दो बेटियों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अनोखी पहल के आयोजक रवि चौहान हैं। इसमें पूर्व वित्त मंत्री और दमोह विधायक जयंत मलैया के साथ हटा विधायक उमा देवी खटीक भी शामिल हुईं। हजारों की संख्या में दर्शक क्रिकेट मैच का आनंद लेने के साथ-साथ विवाह की रस्मों के साक्षी बने और आयोजक रवि चौहान को बधाई दी। पहली बेटी के जन्म पर लिया संकल्प कुम्हारी निवासी रवि चौहान ने अपनी पहली बेटी के जन्म पर हर साल एक गरीब बच्ची का विवाह कराने का संकल्प लिया था। दूसरी बेटी होने पर उन्होंने ‘विवाह कप’ क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत की। यह लगातार तीसरा साल है जब उन्होंने इस टूर्नामेंट के माध्यम से दो बेटियों का विवाह कराया है। एक दलित और एक आदिवासी बेटी का विवाह इस बार एक आदिवासी बच्ची, जिसके माता-पिता नहीं हैं और एक दलित समाज की बच्ची, जिसकी मां नहीं है, उसका विवाह संपन्न कराया गया। क्रिकेट मैच के दौरान चौके-छक्कों के बीच जब बारात का प्रवेश हुआ, तो हजारों लोगों ने उसका भव्य स्वागत किया। दोनों बच्चियों का विवाह क्रिकेट मैदान में ही संपन्न हुआ। शिवानी आदिवासी का विवाह पैरवारा निवासी प्रहलाद आदिवासी के साथ हुआ। शिवानी के माता-पिता न होने के कारण रवि चौहान ने ही विवाह की सभी रस्में निभाईं। वहीं, ज्ञानबाई अहिरवार की शादी करैया गांव से आई बारात के प्रकाश अहिरवार के साथ हुई। ज्ञानबाई की मां नहीं हैं। दहेज में दोनों बेटियों को सोफा, अलमारी, बेड, कूलर और अन्य घरेलू सामग्री दी गई। मेरा पूरा सहयोग मिलेगा
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि उनकी विधानसभा के कुम्हारी गांव में यह अनोखा विवाह कप क्रिकेट टूर्नामेंट होता है। जिसमें गरीब बच्चियों का विवाह संपन्न कराया जाता है। रविवार फाइनल मैच में दो बेटियों का विवाह हुआ है। वह भी शामिल हुई उन्होंने आयोजक रवि चौहान को बधाई दी और कहा कि जहां भी उन्हें सहयोग की जरूरत पड़ेगी। वह बताएं मेरे द्वारा हर संभव मदद की जाएगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 20 दिसंबर से हुई थी। जिसमें कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया था। विजेता को 41 हजार रुपए और उपविजेता को 11 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। भोजपुरी गानों पर चेयरलीडर ने लगाए ठुमके
फाइनल मैच के दौरान आयोजक ने चेयरलीडर भी बुलाई थीं। पटवारी-11 और दमोह डेंजर के बीच खेले गए मैच के दौरान चेयरलीडर ने भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाए। बेटियों के लिए टूर्नामेंट दमोह विधायक और पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कहा कि कुम्हारी में यह तीसरा साल है, जब गरीब बेटियों के विवाह के लिए यह क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया है। वह भी इस फाइनल मैच में शामिल हुए जिसमें दो बेटियों का विवाह हुआ है। इस आयोजन में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने भी आयोजक को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एक नई प्रेरणा देते हैं। पन्ना और कटनी की टीम हुईं शामिल
20 दिसंबर से शुरू हुए टूर्नामेंट में दमोह जिले के अलावा पन्ना और कटनी से क्रिकेट टीम शामिल हुई थी। फाइनल मैच पटवारी 11 और दमोह डेंजर के बीच खेला जा रहा था, जिसमें पटवारी 11 ने 15 ओवर में 203 रन का लक्ष्य रखा है। फाइनल मैच पटवारी 11 की टीम ने 9 रनों से जीत लिया। अगले साल 21 बेटियों के विवाह होंगे
आयोजक रवि चौहान ने बताया कि उन्होंने संकल्प लिया है कि अगली साल वह आम जनमानस के सहयोग से विवाह कप क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन 4 में 21 गरीब कन्याओं का विवाह कराएंगे। यह टूर्नामेंट डे नाइट होगा, जिसमें 24 टीमें हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा अब यह संकल्प लगातार इसी तरह आगे बढ़ता जाएगा। आयोजक की प्रोफाइल
आयोजक रवि चौहान के दो भाई हैं, जिनका मेडिकल स्टोर का काम है। पिता शासकीय शिक्षक हैं। इसके अलावा घर में खेती का कारोबार होता है। पहली बेटी 2020 में हुई थी, जिसके जन्म पर ही गरीब बेटी के विवाह का संकल्प लिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *