टीकमगढ़ में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मतौल गांव में बलराम उर्फ बालादीन अहिरवार (23) को दो युवकों ने क्रिकेट बैट से मारा था। गंभीर रूप से घायल बलराम की इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। घटना रविवार की है। क्रिकेट खेलने के दौरान आरोपियों से हुआ विवाद बलराम अहिरवार पास के मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। वहां उसका गांव के ही विकास अहिरवार और अजय अहिरवार से विवाद हो गया। मृतक के पिता लछुआ अहिरवार ने बताया कि विवाद बढ़ने पर अजय और विकास ने बलराम के सिर में क्रिकेट बैट मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। इलाज के दौरान हुई युवक की मौत झांसी में इलाज के दौरान बलराम की मौत हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर अजय अहिरवार और विकास अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी है। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।


