क्रिकेट: सत्कार लायंस व सीताराम स्ट्राइकर टीमें सेमीफाइनल में पहुंची

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा माहेश्वरी प्रोफेशनल फोरम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय माहेश्वरी प्रोफेशनल क्रिकेट लीग में मुकाबले बेहद रोमांचक दौर में पहुंच चुके हैं। प्रोफेशनल क्रिकेट के को-ऑर्डिनेटर सीए नरेश जागेटिया ने बताया कि लीग के पहले दिन खेले गए पहले मुकाबले में बिरला ब्लास्टर और कामधेनु टाइटन आमने-सामने रहे। कामधेनु टाइटन ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 10 ओवर में 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिरला ब्लास्टर की टीम आख़िरी ओवर तक मैच में बनी रही। ओपनर प्रचल झंवर ने 43 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को अंतिम ओवर में 5 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच 3 विकेट लेने पर कामधेनु टाइटन के सुमित नाराणीवाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच बांगड़ रेंजर्स और सीताराम स्ट्राइकर के बीच खेला गया। सीताराम स्ट्राइकर की ओर से ओपनर हरिओम नुवाल ने 23 रन बनाए और गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट भी लिए। सीताराम स्ट्राइकर ने यह मैच मात्र 8 ओवर में जीत लिया। इसके बाद अपने दूसरे मैच में सीताराम स्ट्राइकर ने बिरला ब्लास्टर को भी 7 विकेट से हराया। हरिओम नुवाल को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। फोरम के सीएमए अभिषेक बाहेती और सीए नवनीत तोतला ने बताया कि लीग के दूसरे दिन सत्कार लायंस और कामधेनु टाइटन के बीच मैच खेला गया, जिसमें सत्कार लायंस ने 21 रन से जीत दर्ज की। रौनक धूत की अर्धशतकीय पारी की बदोलत 10 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में कामधेनु टाइटन की टीम 109 रन ही बना सकी। सत्कार ने लीग के दोनों मैच जीत कर सेमीफाइनल में जगह बनाई! बची टीम में वारी चार्जेज, आरआर आर्नामेंट, शारदा सुपरकिंग, एसएन वॉरियर, बांगड़ रेंजर्स, बिरला ब्लास्टर, कामधेनु के बीच में शाम तक सेमीफाइनल की डोर बनी रही। सीए दिनेश आगल व सीए सोनेश काबरा ने बताया कि दूसरे दिन के मुख्य अतिथियों में अनिल नुवाल, शिवजी सोडाणी, विकास समदानी, अजय बिरला, सुमित नाराणीवाल, इंजीनियर अभिषेक बाहेती, जयेश बांगड़, सचिन काबरा, दीपक मेलाना व प्रांशु शारदा उपस्थित थे। सोमवार से सेमीफाइनल और फाइनल मैच डे-नाइट खेले जाएंगे, जिसमें टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। फाइनल आतिशबाज़ी और राष्ट्रगान के साथ होगा। कमेंट्री मैट्रिक मूंदड़ा कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *