क्रिसमस केवल पर्व नहीं, भाईचारे का प्रतीक: डॉ. बड़ा

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस के अवसर पर अंबिकापुर के नवापारा स्थित बेदाग इस माता महागिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। रात 9 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जो देर रात तक चला। जैसे ही रात 12 बजे बालक यीशु के जन्म का पावन क्षण आया, चर्च के घंटे गूंज उठे और पूरा परिसर जयकारों व प्रार्थनाओं से भक्तिमय हो गया। क्रिसमस पर महागिरजाघर को विशेष रूप से सजाया गया था। चरनी आशीष के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की गई। सरगुजा धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा के मार्गदर्शन में पल्ली पुरोहित फादर जॉर्ज ग्रे कुजूर द्वारा समस्त धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों में गहरी आस्था, शांति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा ने अपने संदेश में कहा कि इस साल का क्रिसमस जागरण साधारण नहीं, बल्कि विशेष और अनोखा है, क्योंकि हम यीशु के 2025वें जन्म वर्ष का स्मरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने मानव जाति को पाप से मुक्ति दिलाने और प्रेम, शांति और आनंद का संदेश देने के लिए अपने इकलौते पुत्र यीशु को इस संसार में भेजा। क्रिसमस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए प्रेम, क्षमा और भाईचारे का संदेश है। उन्होंने सभी से आत्मचिंतन करने, अपने मन को शुद्ध करने और ईश्वर से क्षमा मांगने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान समाचार का वाचन भी किया गया। पारा टोला से आए समाज के सदस्यों द्वारा पवित्र बाइबिल पाठ का वाचन किया गया, जिसमें पहला पाठ कुंती एक्का (भगवानपुर) और दूसरा पाठ डेविड एक्का ने प्रस्तुत किया। इन पाठों के माध्यम से प्रभु यीशु के जीवन और उनके संदेशों को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया गया। प्रार्थना सभा के दौरान फादर अनुरंजन और फादर जॉन जायसवाल की अगुवाई में युवक-युवतियों द्वारा भक्तिमय गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई। भजनों और गीतों से ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बना कि श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में परम प्रसाद का वितरण किया गया और श्रद्धालुओं ने बालक यीशु का आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों और अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए घर बैठे लाइव प्रसारण के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की निशुल्क व्यवस्था भी की गई, जिसे जेरिन जोसेफ द्वारा उपलब्ध कराया गया। इस पहल की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, फादर थियोडोर लकड़ा, फादर ज्ञान लकड़ा, फादर पीटर, फ्रांसिस केरकेट्टा, अलीशा अंशु बड़ा, रुबेन तिग्गा, डेविड एक्का, संतोष किस्पोट्टा, राजेन्द्र तिग्गा सहित हॉली क्रास, उर्सुलाइन, संत अन्ना और मिशनरीज ऑफ चैरिटी की सिस्टर्स और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *