लोहरदगा|जिले के उर्सुलाइन कॉन्वेंट विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में आकर्षक चरणी (क्रिब) बनाकर बालक यीशु के जन्म उत्सव को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य, नाटक एवं मधुर क्रिसमस कैरोल गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय, उर्सुलाइन मध्य विद्यालय एवं उर्सुलाइन बाल निकेतन की छात्राओं ने संयुक्त रूप से सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। मुख्य अतिथि के रूप में सि. दयावती मिंज, सि. पत्रसिया एवं सि. ब्रिजित उपस्थित रहीं। सि. दयावती मिंज ने क्रिसमस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्योहार प्रेम, शांति और खुशियों का संदेश देता है। आशीर्वचन उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सि. असरिता एवं उर्सुलाइन मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सि. बसंती द्वारा दिया गया।


