क्लाउड निवेश के नाम पर 60 लाख से ज्यादा की ठगी, वुइनौ ग्रुप के खिलाफ केस दर्ज

लुधियाना | क्लाउड स्टोरेज में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 60 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने वुइनौ ग्रुप ऑफ कंपनियों और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। मामला सामने आने के बाद शहर के कई निवेशकों में भी चिंता बढ़ गई है। शिकायतकर्ता शाम लाल, निवासी सेक्टर 32-ए, चंडीगढ़ रोड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें वुइनौ मार्केटिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जीबाइट इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड और जीबाइट रेंटल प्लेनेट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने क्लाउड स्टोरेज सर्वर में निवेश का प्रस्ताव दिया था। उन्हें बताया गया कि “क्लाउड पार्टिकल” नाम के डेटा सर्वर खरीदने पर कंपनी उन्हें लंबे समय तक तय मासिक किराया देगी और यह निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। थाना डिवीजन-7 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जीरकपुर में दिखाया था डेटा सेंटर शिकायत के अनुसार, वुइनौ ग्रुप के सीईओ सुखविंदर सिंह खरड़, उनकी पत्नी डिंपल खरड़ और अन्य सहयोगियों ने निवेशकों को जीरकपुर स्थित डेटा सेंटर दिखाकर भरोसा दिलाया। आरोप है कि कंपनी ने दावा किया कि उनके पास बड़े पैमाने पर डेटा स्टोरेज क्षमता है और सर्वर को दूसरी कंपनियों को किराए पर देकर निवेशकों को हर महीने मोटा रिटर्न दिया जाएगा। इसी भरोसे में शिकायतकर्ता और उनके परिवार ने अलग-अलग खातों से कुल करीब 60 लाख 22 हजार 983 रुपए कंपनी में निवेश किए। शुरुआत में कुछ महीनों तक किराए के नाम पर रकम उनके खातों में आई, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद हो गया। जब निवेशकों ने संपर्क करने की कोशिश की तो कंपनी के दफ्तर बंद मिले और आरोपी बताए गए पते छोड़कर फरार पाए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवर्तन निदेशालय पहले ही वुइनौ ग्रुप पर हजारों करोड़ के पोंजी स्कीम जैसे निवेश घोटाले की जांच कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *