घर में हुई चोरी के बाद पुलिस तो सुध लेने नहीं पहुंची लेकिन पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर पर दोबारा हाथ साफ कर दिया। मामला एसबीएस नगर के गंगा राम के घर का है जहां 3 दिसंबर को मोबाइल चोरी हुआ था। शिकायत और सीसीटीवी देने के बावजूद पुलिस का मामला दर्ज नहीं करना अपने आप में पुलिस की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है। नतीजा यह हुआ कि 25 दिसंबर को चोर फिर लौटे और इस बार चांदी के गहने, नकदी और घरेलू सामान भी ले उड़े।दूसरे घटनाक्रम के बाद हालांकि पुलिस ने केस दर्ज करने की औपचारिकता तो पूरी कर दी है, लेकिन क्या कार्रवाई अंजाम तक पहुंचेगी इसे लेकर अब भी सवालिया निशान है। कार्रवाई होती तो दूसरी बार न लुटता 3 तारीख को मेरे घर से मोबाइल चोरी हुआ था। उसी दिन मैंने एसबीएस नगर चौकी में शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज भी जमा करवाई। कई बार चौकी के चक्कर काटे, लेकिन किसी अफसर ने गंभीरता नहीं दिखाई। मुकदमा दर्ज ही नहीं हुआ। आखिरकार मैंने उम्मीद छोड़ दी। 25 तारीख को सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। दोपहर 12 बजे लौटा तो ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो चांदी की पायल, चेन, बिछुए, करीब 30 हजार रुपये नकद, पीतल का लोटा और कुछ कपड़े गायब थे। अगर पहली शिकायत पर कार्रवाई होती, तो शायद दूसरी चोरी नहीं होती, मैं नहीं लुटता। अब केस दर्ज हुआ है, लेकिन नुकसान तो हो चुका है।” देरी…पुलिस के आने से पहले दो बार चोर डाल गए फेरी जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पहली चोरी पर कहा- हमें सूचना देर से मिली, जबकि पीड़ित समय पर शिकायत के रिकॉर्ड होने की बात कह रहा है।


