क्लीनिकल स्टैब्लिशमेंट एक्ट को लेकर आईएमए का अल्टीमेटम, स्वास्थ्य सेवा ठप करने की दी चेतावनी

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को करमटोली स्थित आईएमए भवन में आयोजित हुई, जिसमें राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। बैठक के बाद आईएमए ने झारखंड सरकार को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि यदि राज्य में क्लीनिकल स्टैब्लिशमेंट एक्ट में उत्तर प्रदेश और हरियाणा की तर्ज पर संशोधन नहीं किया गया और मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट एक माह के भीतर लागू नहीं किया गया, तो संगठन राज्य भर में स्वास्थ्य सेवाओं को ठप करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े इन दोनों कानूनों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है, जबकि आए दिन डॉक्टरों के साथ हिंसा, उत्पीड़न और अनावश्यक कानूनी दबाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। आईएमए ने इसे पूरे चिकित्सक समुदाय के लिए चिंता का विषय बताया। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि आईएमए की नई राज्य कमेटी के गठन के लिए तीन वरिष्ठ सदस्यों का निर्वाचन मंडल बनाया जाए। बैठक के दौरान ही तीन वरीय चिकित्सक डॉ. एके सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह और डॉ. जीडी बनर्जी को जिम्मेदारी भी दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *