क्वींस रोड पर जान जोखिम में… डबल डेकर बसों के लिए खतरा बनी टहनियां और तारें

शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे अमृतसर के क्वींस रोड स्थित अशोका चौक पर आकर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बिजली की तारें और केबल जमीन के नीचे या व्यवस्थित होनी चाहिए, लेकिन यहां सड़कों पर झूलते तारों के जाल और झुकी हुई टहनियां किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। शहर भ्रमण के लिए चलाई जा रही डबल डेकर बस पर्यटकों के लिए असुरक्षित साबित हो रही है। बस की ऊपर वाली खुली छत पर बैठे पर्यटकों के सिर के पास से पेड़ों की टहनियां और बिजली के तार गुजरते हैं। इतना ही नहीं, सड़क के बीच लगा साइन बोर्ड भी बस की ऊंचाई के बराबर है। यदि कोई पर्यटक गलती से अपनी सीट पर खड़ा हो जाए, तो यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। अचानक टहनियों का बस से टकराना पर्यटकों में घबराहट पैदा कर रहा है। नियमों के मुताबिक मुख्य सड़कों पर तारें खुली नहीं होनी चाहिए, मगर अशोका चौक पर इसके विपरीत हालात हैं। पर्यटकों के मन में यह अव्यवस्था डर और असुरक्षा पैदा कर रही है, जिससे शहर की छवि खराब हो रही है। प्रशासन की इस लापरवाही के कारण किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना घट सकती है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने मांग की है कि किसी बड़े जानी नुकसान से पहले इन टहनियों की छंटाई की जाए और तारों व साइन बोर्ड को व्यवस्थित किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *