खंडवा की सम्यक गोल्ड कॉलोनी के क्लब हाउस में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री के मुख्य संचालक और कांग्रेस नेता इमरान परियानी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परियानी बीते पांच दिनों से मध्यप्रदेश–महाराष्ट्र बॉर्डर के डेढ़तलाई इलाके में छिपा हुआ था और महाराष्ट्र भागने की फिराक में था। अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस इस मामले में अब तक इमरान परियानी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 26 जनवरी की रात हुआ था खुलासा कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि 26 जनवरी की रात पुलिस टीम ने पड़ेला हनुमान रोड स्थित वीरान पड़े सम्यक गोल्ड कॉलोनी के क्लब हाउस में दबिश दी थी। यहां अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान मौके से सुतली बम बनाने का भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया। इसके साथ ही पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया। पार्टनरशिप में चल रहा था अवैध कारोबार जांच में सामने आया कि यह अवैध पटाखा फैक्ट्री कांग्रेस नेता इमरान परियानी और उसके साथी जितेंद्र उर्फ जीतू भाटी, निवासी बांगरदा रोड इंदौर, की पार्टनरशिप में चलाई जा रही थी। बैतूल निवासी नवीन यादव फैक्ट्री का सुपरवाइजर था, जो मजदूरों से सुतली बम बनवाकर परियानी और भाटी के निर्देश पर सप्लाई कराता था। नवीन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर 4 फरवरी तक रिमांड पर लिया है। पिकअप से होता था पटाखों का परिवहन पटाखों का परिवहन खानशाहवली निवासी अरबाज खान अपनी पिकअप वाहन से करता था। पुलिस ने उसी वाहन को मौके से जब्त किया था। अरबाज के बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपी नवीन यादव ने पूछताछ में बताया कि सुतली बम क्लब हाउस में तैयार किए जाते थे, जबकि बारूद का भंडारण कॉलोनी के अंदर ही एक मकान में किया जाता था। वहां बारूद की बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। रिश्तेदारों पर नजर रखकर की गिरफ्तारी टीआई प्रवीण आर्य ने बताया कि इमरान परियानी की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों और परिजनों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने डेढ़तलाई इलाके से उसे पकड़ लिया। पुलिस अब इमरान परियानी के फरार पार्टनर और अगरबत्ती कारोबारी जितेंद्र उर्फ जीतू भाटी की तलाश कर रही है। अवैध पटाखा फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें अवैध पटाखा फैक्ट्री में भरा था 2 टन बारूद खंडवा पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब दो टन बारूद और रस्सियां मिली हैं। एसपी मनोज कुमार राय ने कहा- अवैध फैक्ट्री सम्यक गोल्ड कॉलोनी के क्लब हाउस की छत पर चलाई जा रही थी। पुलिस जिस वक्त वहां पहुंची, विस्फोटक शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। मौके पर एक पिकअप वाहन खड़ा था। उसके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें


