राजस्थान से गुना पहुंच रही स्मैक:वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 1 तस्कर को पकड़ा; 1.40 लाख का 14 ग्राम माल जब्त

गुना की फतेहगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्मैक तस्कर को पकड़ा है। वह राजस्थान तरफ से स्मैक लेकर आ रहा था। उसके कब्जे से लगभग 14 ग्राम स्मैक जप्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फतेहगढ़ पुलिस ने बताया कि फतेहगढ़ थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा थानांतर्गत छबड़ा रोड़ पर हमीरपुर गांव की पुलिया के पास वाहन चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान छबड़ा की ओर से आ रही एक मोटर सायकिल क्रमांक RJ28 SU 7813 के चालक को रोकने का प्रयास किया, तो उसने एकदम से गाड़ी की स्पीड बड़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता से पीछाकर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ पर उसने अपना नाम अभिमन्यु पुत्र शंभुप्रसाद यादव उम्र 47 साल निवासी दांता थाना कैलबाड़ा जिला बांरा राजस्थान का बताया। उसके पुलिस से बचकर इस तरह भागने से संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 14.70 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई। आरोपी से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये और तस्करी में इस्तेमाल मोटर साइकिल कीमती 70 हजार रुपये सहित कुल 2.10 लाख रुपये का माल जप्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के स्मैक तस्‍करी से जुड़े अन्य स्त्रोतों और संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गुना पुलिस द्वारा ‘ नशा मुक्त गुना जिला ‘ अभियान के अंतर्गत पूर्ण प्रतिबद्धता एवं सख्ती के साथ लगातार कार्यवाहियां की जा रही हैं। फतेहगढ़ थाना पुलिस की यह कार्यवाही नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि यदि किसी को भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध क्रय-विक्रय की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित कर जिले को नशा मुक्त जिला बनाने में सहभागी बनें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *