नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नागौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, डोडा पोस्त और नकदी बरामद की है।
पांचला सिद्धा में डीएसटी की रेड: 700 ग्राम एमडी और 10 लाख कैश बरामद नशे के सौदागरों के खिलाफ पहली बड़ी कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) द्वारा पांचला सिद्धा गांव में की गई। टीम ने कुख्यात तस्कर एसपी बिश्नोई के घर पर दबिश देकर करीब 700 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और तस्करी से कमाई गई करीब 10 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान मुख्य तस्कर एसपी बिश्नोई फरार होने में कामयाब रहा, जिसे एमडी सप्लाई का किंगपिन माना जा रहा है। पुलिस ने मौके से तस्कर की पत्नी को गिरफ्तार किया है और फरार आरोपी की तलाश में टीमें जुटी हैं।
रिंग रोड पर डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिना नम्बरी बोलेरो जब्त दूसरी कार्रवाई में थाना सदर नागौर और ए.एन.टी.एफ. चौकी की संयुक्त टीम ने गोगेलाव रिंग रोड तिराहा के पास घेराबंदी कर 9 किलो 399 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा व छिलका बरामद किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी रामचंद्र विश्नोई निवासी रोटू को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पास से एक बिना नम्बरी बोलेरो कैम्पर गाड़ी भी जब्त की गई है, जिसमें पुलिस को भ्रमित करने के लिए दो अलग-अलग नंबरों की चार फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


