खंडवा जिले के आदिवासी बाहुल्य खालवा ब्लॉक में चोरों ने किसानों की नींद उड़ा रखी है। रबी सीजन के चलते खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर-पंप और केबल चोरी हो रहे हैं। पुलिस की सुस्ती से नाराज ग्रामीणों और व्यापारियों ने रविवार को रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध बढ़ता देख पुलिस हरकत में आई और चोरी के एक मामले में एफआईआर दर्ज की। टीआई ने जल्द ही चोरों को ट्रेस करने का आश्वासन दिया है। 15 दिन में एक दर्जन चोरियां, CCTV में दिखे संदिग्ध पिछले 15 दिनों के भीतर खालवा नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध लोग भी नजर आए हैं, लेकिन पुलिस उन पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। लगातार हो रही वारदातों से नाराज व्यापारी संघ, किसान संघ और हिंदू उत्सव समिति ने रविवार को संयुक्त रैली निकाली। उन्होंने खालवा टीआई को ज्ञापन सौंपकर चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस ने सोमवार को मामले में FIR दर्ज कर ली है। कंबल बेचने वालों और बाहरी लोगों की हो जांच ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ बाहरी लोग क्षेत्र में रहकर व्यापार कर रहे हैं। ये लोग गली-गली घूमकर कंबल, चटाई और कुर्सी बेचते हैं, लेकिन इनका कोई पुलिस वेरिफिकेशन नहीं है। वहीं, कुछ लोग किराए के कमरे लेकर निजी कंपनियों में काम कर रहे हैं। लोगों को शक है कि रेकी करके चोरियों को अंजाम दिया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऐसे बाहरी लोगों का रिकॉर्ड रखा जाए और सत्यापन किया जाए। विरोध के बाद जागी पुलिस, एक FIR दर्ज प्रदर्शन के बाद पुलिस ने चोरी के एक मामले में केस दर्ज किया है। कोठा गांव के रहने वाले किसान साबुलाल (56) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि खेत में सिंचाई के लिए मांझरी नदी में 3 एचपी की पनडुब्बी मोटर और केबल डाली थी, जिसे चोर चुरा ले गए।


