खंडवा में व्यापारी से लूट मामले का खुलासा:नर्मदापुरम में मिले आरोपी, पुलिस ने कंबल-फ्रूट बेचने की एक्टिंग कर लुटेरों को दबोचा

खंडवा में एक कपड़ा व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात का एक महीने बाद जाकर पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी ने प्रेसवार्ता कर मामले के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है, जो ईरानी गैंग से जुड़े हुए हैं। खास बात यह रही कि इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस को नर्मदापुरम के ईरानी डेरे में ठेले और बाइक से कंबल व फल-फ्रूट बेचने पड़े। तब जाकर दोनों लुटेरों को दबोचा जा सका। दरअसल, घटना 12 नवंबर 2025 की है। पदमनगर क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी हमशत राय गुरबानी अपनी दुकान जा रहे थे। इस दौरान गर्ल्स कॉलेज के पास दो बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने कहा कि पीछे लूट की वारदात हुई है, इसलिए तुमने जो सोना-चांदी पहना है, उसे निकालकर रख दो। बदमाशों की बातों में आकर व्यापारी गुरबानी ने गले में पहनी सोने की चैन और हाथ की दोनों अंगूठियां निकाल लीं। जैसे ही वे जेब में रख रहे थे, एक बदमाश ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और सोना लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने 500 सीसीटीवी कैमरे खंगाले एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि पदमनगर थाने की टीम ने वारदात को ट्रेस करने के लिए शहर और आसपास के जिलों में करीब 500 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसके बाद बदमाशों की पहचान हो सकी और पुलिस उन तक पहुंच पाई। पुलिस ने नर्मदापुरम के ईरानी डेरे (ईदगाह मोहल्ला) से आरोपी अप्पा उर्फ गटरा उर्फ अयान हुसैन पिता अफसर हुसैन (25) और कासिम पिता अफसर सैयद (30), निवासी मंगलनगर, कल्याण (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कंबल और फल बेचे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस पहले भी उनके डेरे पर दबिश दे चुकी थी, लेकिन कम फोर्स और विवाद की स्थिति के चलते सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस ने दोबारा रणनीति बनाकर दबिश दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ईदगाह मोहल्ले में ठेले और बाइक पर कंबल व फल-फ्रूट बेचने का नाटक किया। इसी दौरान मौका पाकर चार-चार पुलिसकर्मियों ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया और हिरासत में ले लिया। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड अन्य जिलों में भी सामने आया है, जिनमें भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम शामिल हैं। व्यापारी ने पुलिस को 51 हजार का इनाम दिया सीएसपी अभिनव बारंगे के नेतृत्व में टीआई प्रवीण आर्य की टीम ने लुटेरों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपियों के कब्जे से लूट का माल बरामद नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद माल की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। वहीं, व्यापारी के परिजनों ने पुलिस टीम को 51 हजार रुपए नकद इनाम देकर सम्मानित किया है। इधर, एसपी मनोज कुमार राय ने भी पुलिस टीम को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *