धनसार के अनुग्रह नगर में एक खंडहरनुमा मकान से गुरुवार को 50 वर्षीया महिला का शव संदिग्ध स्थिति में मिला। मृतका महावीर नगर की रहने वाली है। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त और बिखरे हुए थे। दीवार पर खून की छींटे मिले हैं। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर देने का अंदेशा जताया है। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हो-हल्ला भी किया। हत्या का आरोप लगाते हुए हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग पुलिस से की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कुछ सैंपल प्रिजर्व कर लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए रांची की फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। बेटों ने कहा – कंबल लाने की बात कह घर से गई थीं
मृतका के तीन बेटे हैं। उन्होंने बताया कि मां बुधवार की रात करीब 8 बजे यह कहकर घर से निकली थी कि कंबल लेने जा रही है। उसके बाद घर नहीं लौटी। ढूंढ़ने पर भी कुछ पता नहीं चला। सुबह में खंडहरनुमा मकान में शव मिलने का पता चला। लोगों का कहना था कि जहां शव मिला, उससे थोड़ी दूर अवैध तरीके से महुआ शराब बेची जाती है। संभव है कि महिला ने भी वहां जाकर शराब पी हो और उसके बाद यह घटना हुई होगी।


