सवाई माधोपुर में बाइक सवार सड़क किनारे खंभे से टकराने के बाद नाले में गिर गया। रातभर मदद के अभाव में मौके पर ही मौत हो गई। सुबह राहगीरों को बाइक और युवक का शव दिखाई दिया। हादसा खंडार उपखंड क्षेत्र में सांप खाड़ (नाले) के पास बालेर रोड पर शुक्रवार रात को हुआ। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार की मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बगल में बने कच्चे नाले में जा गिरा। नाले में पानी भरा होने और आसपास कांटे व छोटी लकड़ियां पड़ी होने से स्थिति और गंभीर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस सुबह के समय वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर नाले में पड़ी टूटी हुई बाइक और शव पर पड़ी। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। नाले में उल्टा पड़ा मिला शव, बाइक क्षतिग्रस्त पुलिस ने देखा कि कच्चे नाले में करीब एक फीट पानी भरा हुआ था। शव पानी में उल्टी अवस्था में पड़ा मिला, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। बाइक की सीट सड़क और नाले के बीच टूटी हुई अवस्था में पड़ी मिली। हादसे में सड़क किनारे लगा खंभा भी टूट गया, जिसमें से तीन-चार बिजली के तार बाहर निकले हुए थे। सिर में गंभीर चोट, एक पैर टूटा प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर में गंभीर चोट और एक पैर टूट गया था। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, लेकिन पानी में भीगने के कारण वह खराब हो चुका है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।पुलिस ने शव को खंडार हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। इनपुट- सागर सैनी खंडार।


