खजरी चौराहे पर खड़े ट्रक में आग…VIDEO:काफी मशक्कत के बाद दमकल ने काबू पाया, टायर और आटे की बोरियां जलीं

जबलपुर के खजरी खिरिया बायपास पर शनिवार सुबह एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में ट्रक का केबिन, टायर और लदा हुआ सामान (बोरियां) पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आटे की बोरियों से भरा था ट्रक फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि खजरी खिरिया बायपास के पास एक ट्रक में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर रवाना की गईं। जब दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो ट्रक क्रमांक (MP 20 HB 3908) धू-धू कर जल रहा था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ट्रक चालक मोहम्मद यूनुस खान, निवासी हनुमानताल, जबलपुर, ने पुलिस को बताया कि वह यह ट्रक कटनी से रायपुर लेकर जा रहा था, जिसमें आटे की बोरियां लदी हुई थीं। खजरी खिरिया बायपास पर उसने कुछ देर के लिए ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और खाना खाने अपने घर चला गया था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि ट्रक में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचा तो ट्रक में लदा पूरा माल जल चुका था और आग की तेज लपटें उठ रही थीं। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। कचरे के ढेर में लगाई गई आग ट्रक तक पहुंची पुलिस जांच के सामने आया है कि आग सड़क किनारे कचरे के ढेर में लगाई गई थी। यही आग बढ़ते बढ़ते ट्रक तक पहुंच गई। ट्रक में रखी बोरियों के चलते आग और तेजी से भड़क गई। आग से काफी देर तक धुआं और लपटें उठती रहीं। राहगीरों ने जब ये नजारा देखा तो उन्होंने दमकल कर्मियों को इसकी सूचना दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *