जयपुर में 15 जनवरी को अखिल भारतीय खटीक समाज द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेशाध्यक्ष कांति चंदेल, कार्यकारी अध्यक्ष कन्हैया लाल चावला, संगठन महामंत्री कालुराम और प्रशासनिक महासचिव ओमप्रकाश ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस अवसर पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश खटिक और उज्जैन से सांसद अनिल फिरोजिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी। प्रदेशाध्यक्ष चंदेल के अनुसार, इस समारोह में राजस्थान के अलावा दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से खटीक समाज के लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम में न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र में कार्यरत खटीक समाज के अधिकारियों का भी विशेष सम्मान किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के खटीक समाज से जुड़े जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।


