मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां में पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पहली कार्रवाई में 19 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घुरघेला नाला के पास से एक स्कूटी को रोका। स्कूटी चालक की पहचान चिरमिरी के टिकरापारा बड़ी बाजार निवासी दिलीप गुप्ता के रूप में हुई। उसके पास से 22.5 लीटर हाथ भट्टी की महुआ शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब की कीमत 3,375 रुपये है। पुलिस ने 50,000 रुपये की स्कूटी भी जब्त की। दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि पैनारी जड़हरियापारा में उमेश यादव अपने घर में अवैध शराब रखता है। छापेमारी में यहां से 4.68 लीटर गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 3,900 रुपये है। दिलीप गुप्ता के खिलाफ धारा 34(2) और उमेश यादव के खिलाफ धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिलीप को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई एएसपी अशोक वांडेगावकर और नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में की गई।


