मुड़ागांव(कोरासी)| गरियाबंद जिले के छुरा विकास खण्ड में गौरव का क्षण तब आया जब ग्राम खड़मा निवासी प्रशांत साहू ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 62वीं रैंक हासिल कर काॉमर्शियल टैक्स इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रशांत साहू, साहू समाज परिक्षेत्र मड़ेली के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोचन साहू / सरोज साहू के पुत्र हैं। परिवार में शिक्षा और सेवा की परंपरा पहले से ही रही है। परिवार के इस वातावरण ने प्रशांत को भी बचपन से ही उच्च लक्ष्य साधने की प्रेरणा दी। ज्ञात हो कि उनकी बहन नम्रता साहू भी लोक सेवा आयोग से चयनित अधिकारी हैं। बचपन से ही मेधावी रहे प्रशांत ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता अर्जित की। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है। ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशांत साहू को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।


