कोटपूतली क्षेत्र में NH-48 पर कल्याणपुरा पुलिया के पास एक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही एक इको कार ने हाईवे पर खड़ी दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इको कार के ड्राइवर सहित उसमें सवार यात्रियों को हल्की चोटें आईं। थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि टक्कर के समय पीछे से कोई बड़ा वाहन नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल राजकीय बीडीएम अस्पताल, कोटपूतली ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हाईवे पर खड़ी कार और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।


