जयपुर में 19 अप्रैल को इंटरनेशनल गीता ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा खास तौर पर शिक्षकों और अभिभावकों के लिए रखी जा रही है। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से होगी, जिसमें श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 13 से 18 तक के श्लोकों पर आधारित 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी, दोनों माध्यमों में दी जा सकेगी।
आयोजकों के अनुसार, ओलंपियाड में बेहतर परफॉर्मेंस करने वाले प्रतिभागियों को 24 मई को होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को कुल 2 लाख रुपए तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि गीता के ज्ञान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन हर साल किया जाता है।
जयपुर एजुकेशन समिट में हुआ पोस्टर विमोचन
इंटरनेशनल गीता ओलंपियाड 2026 का पोस्टर जयपुर में आयोजित जयपुर एजुकेशन समिट के दौरान लॉन्च किया गया। इस एजुकेशन समिट में प्रदेश के कई प्रतिष्ठित स्कूलों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से आयोजित किए जा रहे इस ओलंपियाड की जानकारी स्कूल प्रतिनिधियों और एजुकेशन सेक्टर से जुड़े लोगों को दी गई।
समिट में मौजूद विशेष अतिथियों ने आयोजन को लेकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान यह जानकारी भी साझा की गई कि श्रीमद्भगवद्गीता को हाल ही में यूनेस्को की “मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड रजिस्टर” सूची में शामिल किया गया है।


