बैकुंठपुर | शिवपुर-चरचा नगरपालिका क्षेत्र में सक्रिय सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी से एसईसीएल की ईस्ट खदान में चोरी की वारदात टल गई। खदान से 2 क्विंटल स्क्रैप लोहा चोरी कर भाग रहे एक आरोपी को सुरक्षा गार्डों ने घेराबंदी कर रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। 20 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे आरोपी राजा अंसारी वैन क्रमांक सीजी 16 बी 1791 लेकर खदान परिसर पहुंचा था। वह बाहर रखे स्क्रैप लोहे के रोलों को अपनी गाड़ी में लोड कर रहा था। तभी वहां तैनात सुरक्षा प्रहरी सुनील बरला, जितेंद्र यादव और बसंत लाल की नजर उस पर पड़ी। चोरी का माल लोड कर भाग रहे वाहन का सुरक्षा कर्मियों ने पीछा किया और सुभाषनगर के जोगी दफाई क्षेत्र में उसे घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन से लगभग 2 क्विंटल स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत 10 हजार बताई जा रही है।


