लुधियाना में खन्ना खुर्द रोड स्थित सिंह एवेन्यू में 30 वर्षीय रमनदीप कौर का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। रमनदीप की शादी केवल 5 महीने पहले हुई थी। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के भाई दर्शन सिंह ने कहा है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। रमनदीप को कमरे में बंद रखा जाता था। उसे मायके वालों से फोन पर बात करने की भी इजाजत मुश्किल से मिलती थी। दहेज में कार और बुलेट मांग रहे थे दर्शन सिंह के अनुसार, ससुराल वाले दहेज में कार और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। आर्थिक तंगी के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर पाए। सोमवार शाम को उन्हें रमनदीप की मौत की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि रमनदीप के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उसकी पीठ पूरी तरह नीली पड़ी हुई थी। हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया परिवार का आरोप है कि रमनदीप की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। डीएसपी अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की हर दिशा में जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


