लुधियाना के जगराओं में पुलिस ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने कंपनी के पूर्व कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है और आगे की पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ जंटा और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है। दोनों गांव तलवंडी जले खान जीरा के रहने वाले हैं। पीड़ित अनमोल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करता है। उसका काम लोन लेने वालों से किश्तें वसूलना है। दो बाइक सवार बदमाशों ने घेरा घटना के दिन वह अकेला मोटरसाइकिल पर गांव फतेहगढ़ सिविया से शेखदौलत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और 46 हजार 600 रुपए छीनकर फरार हो गए। थाना सदर के इंचार्ज सुरजीत सिंह के अनुसार, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इससे लुटेरों का सुराग मिला और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। कई दिनों तक रेकी की जांच में पता चला कि आरोपी मंगल सिंह पहले इसी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह इसी क्षेत्र से किश्तें वसूलता था। उसे पता था कि कंपनी का कर्मचारी अकेला होता है और उसके पास किश्तों के पैसे होते हैं। आरोपियों ने कई दिनों तक रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया।


