खरगोन जिले के ऊन क्षेत्र के निवासियों ने सोमवार को दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कई दिनों से गंदा पानी आ रहा है, जिससे इंदौर के भागीरथपुरा जैसी गंभीर बीमारी फैलने की आशंका है। मंजुलाबाई राजनंदिनी सोलंकी सहित अन्य महिलाओं ने इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत की। उन्होंने बताया कि इंदिरानगर में नाले के किनारे स्थित एक कुएं में सीपेज का गंदा पानी पहुंच रहा है। इसी पानी को पीने से लोग लगातार बीमार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जल संसाधन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। कलेक्टर कार्यालय से मौके का मुआयना कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया है। महिलाओं ने यह भी बताया कि गांव में नर्मदा का पानी सप्लाई हो रहा है, लेकिन इंदिरानगर क्षेत्र के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में नल कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।


