शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में सोमवार को ग्राम पंचायत ने पेयजल टंकी की सफाई करवाई। यह कार्रवाई हिंदू जागरण मंच और ग्रामीणों के जनपद सीईओ को सौंपे गए ज्ञापन के बाद की गई। ग्रामीणों ने पेयजल स्वच्छता को लेकर आशंका जताते हुए सफाई की मांग की थी। बीते दिनों हिंदू जागरण मंच और ग्रामीणों ने जनपद सीईओ अमृतराज सिसोदिया को ज्ञापन देकर टंकी की सफाई और नलखेड़ा रोड स्थित पाइपलाइन के वाल्व को नाली से हटाने की मांग की थी। ग्रामीणों को डर था कि नाली के पास पाइपलाइन का जोड़ होने से भविष्य में पीने का पानी गंदा हो सकता है। सीईओ के आदेश पर सोमवार सुबह कर्मचारियों ने मुख्य वाल्व खोलकर टंकी को साफ किया। टंकी से निकली मिट्टी और कंकर सफाई के दौरान टंकी के अंदर से मिट्टी और हल्के कंकर निकले। इस मौके पर हिंदू जागरण मंच के सदस्य दीपक जैन भी मौजूद रहे और सफाई कार्य का निरीक्षण किया। ग्रामीणों की मांग थी कि पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए ताकि गंदे पानी की समस्या पैदा न हो। पंचायत सचिव ने दी सफाई ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि टंकी लगभग साफ ही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंडलियां डेम की नई पाइपलाइन से पानी की सप्लाई शुरू हुई है, जिसमें कई जगह जोड़ होने के कारण पाइप के रास्ते थोड़ी मिट्टी टंकी तक पहुंच गई थी। सफाई के बाद अब पेयजल सप्लाई सुचारू की जा रही है।


