खरगोन के कसरावद में ओलावृष्टि-आंधी से फसलें बर्बाद:16 गांवों में 100% तक नुकसान, किसानों ने मांगा मुआवजा

खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में मंगलवार को हुई आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। रबी और सब्जी की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद क्षेत्र के 100 से अधिक किसानों ने तत्काल सर्वे कराकर मुआवजे की मांग करते हुए नारेबाजी की है। कसरावद, लेपा, दोगावा, अमलाथा, छोटी कसरावद, सामेडा, गवला, अहिल्यापुरा और बारदेवला सहित 16 से अधिक गांवों में गेहूं, चना, मक्का, खरबूजा, केला और पपीता जैसी फसलें जमीन पर गिर गईं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इन फसलों को 100 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। किसान विजय राठौड़ ने बताया कि रबी की फसल से किसानों को सबसे अधिक उम्मीदें होती हैं। उन्होंने कहा, “20 से 25 मिनट की आंधी-ओलावृष्टि ने हमारी फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। अब खेत खाली कराने के लिए हार्वेस्टर का खर्च भी हमें ही उठाना पड़ेगा।” किसानों ने प्रशासन से केवल राहत नहीं, बल्कि वास्तविक नुकसान के अनुरूप मुआवजा देने की अपील की है। एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने जानकारी दी कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर लगभग 15 से 16 गांवों में फसल नुकसान की बात सामने आ रही है। उन्होंने तहसीलदार, पटवारी और कृषि विभाग के कर्मचारियों को तत्काल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *