सिवनी में नेशनल हाईवे पर गोराबीबी गांव के पास गुरुवार सुबह सड़क हादसा हो गया। घटना जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र का है। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक में आग लग गई और चालक को मामूली चोटें आई। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक लखनादौन से जोबा की ओर जा रहा था, जबकि बाइक चालक आदेगांव से लखनादौन की तरफ आ रहा था। गोराबीबी गांव के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर गया और बाइक घिसटने के कारण उसमें आग लग गई। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। आदेगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। उनका कहना था कि यदि हादसे के समय अधिक लोग मौजूद होते, तो यह हादसा और भी गंभीर रूप ले सकती थी।
तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि उन्हें सड़क हादसे में बाइक सवार को मामूली चोट लगने और बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि मामले की जांच जारी है। टीआई ने यह भी कहा कि पुलिस लगातार वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह देती है, लेकिन कई चालक लापरवाही बरतते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।


