पन्ना में पूर्व शिक्षक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार:30 हजार की शराब जब्त, कर्ज चुकाने के लिए बना तस्कर।

पन्ना जिले में गुरुवार, 29 जनवरी को आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व शिक्षक को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई है। बताया जा रहा है कि शराब की लत और कर्ज के कारण वह इस धंधे में उतर गया था। कलेक्टर ऊषा परमार और जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय की टीम को ग्राम शिकारपुरा में अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। टीम ने ‘जंगल सफारी ढाबा’ पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान, टीम ने 353 पाव देशी मदिरा (63.54 बल्क लीटर) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपए है। मौके से आरोपी अरविंद सिंह (45 वर्ष), निवासी पवई को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी अरविंद सिंह ने बताया कि कोविड काल से पहले वह गुजरात में एक शिक्षक के रूप में कार्यरत था। शराब की लत के कारण उसे अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद उसने होजरी का व्यवसाय शुरू किया, लेकिन शराब की लत के कारण वह लाखों के कर्ज में डूब गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने गुजरात में ही अवैध शराब बेचना शुरू किया। लॉकडाउन के बाद वह अपने गृहनगर पवई लौट आया और कटनी व दमोह से शराब लाकर तस्करी करने लगा। आरोपी के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर उसे मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय के साथ आरक्षक स्मिता ठाकुर, सोनू कोरकू, रवि प्रकाश मिश्रा और नगर सैनिक वीरेंद्र यादव का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *