खरगोन जिले के निवासियों को अब एक ही भवन में पोस्ट ऑफिस, पासपोर्ट सेवा केंद्र और रेलवे रिजर्वेशन की सुविधा मिलेगी। इससे आमजन को विभिन्न कार्यालयों के अलग-अलग चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। यह सुविधा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल की मांग पर शुरू की जा रही है। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने जिला मुख्यालय पर संचालित पोस्ट ऑफिस सह पासपोर्ट सेवा केंद्र के भवन में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर स्थानांतरित करने की मांग की थी। रेल प्रशासन ने इस मांग पर संज्ञान लिया है। सांसद ने 15 मार्च 2025 को रतलाम मंडल को इस संबंध में पत्र भेजा था। इसके बाद विभागीय स्तर पर संयुक्त स्थल निरीक्षण किया गया। रतलाम मंडल, पश्चिम रेलवे द्वारा भेजे गए आधिकारिक उत्तर में बताया गया है कि नॉन-रेल हेड पीआरएस काउंटर को उक्त भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी कर ली जाएगी। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रतलाम मंडल जन अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद के प्रयासों से यह सुविधा शीघ्र ही एक ही भवन से संचालित होगी, जिससे खरगोन के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।


