खरगोन में अनाज व्यापारियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका एक वीडियो सामने आया है। यह घटना झिरनिया आदिवासी क्षेत्र के बाजार में किसानों की उपज खरीदी में प्रतिस्पर्धा के कारण हुई। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार को झिरनिया बाजार में हुई थी, जिसका वीडियो अब सामने आया है। मंडी के बाहर उपज खरीदी को लेकर दो व्यापारियों के बीच शुरू हुआ टकराव जल्द ही मारपीट में बदल गया। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते और पटक-पटक कर मारपीट करते दिख रहे हैं। इस मामले में अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष कैलाश गंगराड़े और मुकेश जायसवाल के बीच अनाज खरीदी को लेकर प्रतिस्पर्धा बताई जा रही है। मुकेश जायसवाल ने आरोप लगाया है कि उनकी दुकान के सामने किसानों की ट्रॉलियां रोककर सौदा किया जा रहा था। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर स्थानीय व्यापारी ग्रुप पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद गंगराड़े ने मुकेश को फोन कर आपत्ति जताई, जिसके बाद यह वाद-विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। चैनपुर टीआई गहलोत सेमलिया ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है और वायरल वीडियो व ऑडियो क्लिप्स के आधार पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है।


