खरगोन जिले में लगातार चौथे दिन सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह 8 बजे तक विजिबिलिटी करीब 100 मीटर तक सीमित रही। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठंड के साथ नमी भी बनी हुई है। लगातार पड़ रहे कोहरे और नमी के कारण चने की फसल में कीट प्रकोप बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि कोहरा इसी तरह बना रहा तो फसल को नुकसान हो सकता है। किसानों के अनुसार 40 दिन की चने की फसल इस समय संवेदनशील अवस्था में है। कृषि विभाग की किसानों को सलाह कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि शुरुआती अवस्था में नीम तेल और अनुशंसित कीटनाशकों का छिड़काव करने से कीटों के प्रकोप को रोका जा सकता है। चना ज्यादा, गेहूं का रकबा घटा इस साल जिले में गेहूं के रकबे में कमी आई है। किसानों ने करीब 1.65 लाख हेक्टेयर में चना और 1.55 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई की है। चने का रकबा अधिक होने से किसान इसकी सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। गेहूं के लिए अनुकूल मौसम मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक सप्ताह से जिले में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। ओस के साथ पड़ रही यह ठंड गेहूं की फसल के लिए अनुकूल मानी जा रही है, जिससे उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।


