खरगोन में दो पटवारियों के निलंबन के विरोध में प्रदर्शन:पटवारी संघ तीन दिन सामूहिक अवकाश पर, सरकारी वॉट्सऐप ग्रुप छोड़े

खरगोन तहसील के दो पटवारियों के निलंबन के विरोध में सोमवार को जिला पटवारी संघ ने प्रदर्शन किया है। जिला मुख्यालय पर रैली निकालकर पटवारियों ने खरगोन एसडीएम द्वारा की गई निलंबन कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग की। अपनी मांग को लेकर पटवारी 13 जनवरी से तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं और सभी शासकीय वॉट्सऐप ग्रुप से भी लेफ्ट हो गए हैं। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्म सोलंकी और अन्य प्रतिनिधियों ने संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी को बताया कि हल्का नंबर 23 के पटवारी अखयार खान फाजिलपुरा और हल्का नंबर 18 के पटवारी राजसिंह चौहान को तथ्यों को छिपाकर सही रिपोर्ट प्रस्तुत न करने के आरोप में निलंबित किया गया है। संघ ने इस कार्रवाई को अनुचित और अन्यायपूर्ण बताया। निलंबन वापसी के लिए तीन दिन समय दिया
पटवारियों ने अपने नोटिस के जवाब में बताया था कि संबंधित सर्वे नंबर वर्ष 2019 से वर्तमान तक राजस्व अभिलेखों में दृष्टिबंधक (गिरवी) दर्ज है। संघ का आरोप है कि इस जानकारी पर विचार किए बिना ही विधि विरुद्ध कार्रवाई की गई है। संयुक्त कलेक्टर ने इस मामले में जानकारी लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिला पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी बताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर निलंबन वापस नहीं लिया गया, तो अगले चरण में 16 से 18 जनवरी तक सभी पटवारी जिला स्तर पर सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान वे शासकीय ग्रुप से लेफ्ट होकर कलम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *