खरगोन जिले में नवजात शिशुओं को ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए एक पहल की गई है। कलेक्टर भव्या मित्तल ने जिले में संचालित 108 एम्बुलेंस और जननी एम्बुलेंस वाहनों के लिए 60 कंबलों की व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य बीमार शिशुओं को सुरक्षित रूप से स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंचाना है। रोटरी क्लब खरगोन के माध्यम से ये कंबल सौंपे गए और वाहन स्टाफ को प्रशिक्षित भी किया गया। कलेक्टर ने बताया कि ठंड के मौसम में नवजात शिशुओं के इलाज या रेफर के मामलों में हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एम्बुलेंस वाहनों में कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। वाहन स्टाफ को नवजात शिशुओं की देखभाल के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि उनके शरीर का तापमान सुरक्षित रखा जा सके। विशेषज्ञ डॉक्टर रमेश नीमा ने भी इस बात पर जोर दिया कि ठंड में बच्चों के शरीर के तापमान को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अत्यधिक ठंड में शरीर का तापमान गिरने से गंभीर बीमारी हाइपोथर्मिया से बच्चों की जान जा सकती है। इस कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉक्टर डीएस चौहान, रोटरी क्लब खरगोन के अध्यक्ष संतोष गोले, सचिव गोल्डी चावला, सौरभ नीमा और काकासिंह छाबड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


