खरगोन में पागल कुत्ते ने महिला का अंगूठा कटा:12 घंटे में 10 डॉग बाइट केस, नगर पालिका की लापरवाही पर बढ़ा आक्रोश

खरगोन के अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में एक पागल कुत्ते ने आतंक मचाते हुए कई लोगों पर हमला किया। शुक्रवार को मंदिर जा रही एक महिला पर भी कुत्ते ने हमला कर उसके हाथ का अंगूठा काट लिया। पिछले 12 घंटे में डॉग बाइट के 10 मामले सामने आए हैं। पीड़ित महिला अनीता मालाकार ने बताया कि शाम को वह घर से मंदिर जा रही थी, तभी रास्ते में कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। उसने अपनी जान बचाने के लिए लोगों को पुकारा, लेकिन तब तक कुत्ते ने उसे तीन जगहों पर नौंच लिया था और उसके हाथ का अंगूठा नाखून सहित काट लिया। पड़ोसियों और परिजनों ने दौड़कर कुत्ते को भगाया और महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में महिला की ड्रेसिंग की गई और उसे रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया। अनीता मालाकार ने यह भी बताया कि उसी कॉलोनी में 3 से 4 अन्य लोगों को भी कुत्ते ने काटा है। जिला अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, अन्नपूर्णा नगर के अलावा नूतन नगर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कुल 10 लोगों ने कुत्ते के काटने का इलाज कराया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में पागल कुत्तों के हमले लगातार हो रहे हैं, लेकिन खरगोन नगर पालिका इस मामले में लापरवाह बनी हुई है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *