खरगोन के खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि कन्नौजे के रूप में हुई है, जो डीआरपी लाइन में पदस्थ थे। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह अत्यधिक शराब का सेवन मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरक्षक रवि कन्नौजे शराब पीने के आदी थे और शुक्रवार रात से ही लापता थे। शनिवार सुबह उनका शव सड़क किनारे मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल पर फॉरेंसिक जांच टीम ने भी बारीकी से मुआयना किया। जैतापुर पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। बड़वानी से बुलाए परिजन जैतापुर पुलिस के अनुसार, आरक्षक मूल रूप से बड़वानी जिले के गवाला गांव के रहने वाले थे। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और उन्हें खरगोन बुलाया गया है। परिजनों की उपस्थिति में ही पोस्टमार्टम किया जाएगा। TI बोले- रिपोर्ट आने के बाद ही वजह पता चलेगी जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया, “हमें खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा के पास शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद हमारी टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक पुलिस लाइन में पदस्थ थे। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फॉरेंसिक तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।”


