खरगोन के बिस्टान नाका स्थित सरकारी शराब दुकान में पथराव, तोड़फोड़ और लूट का एक वीडियो सामने आया है। यह घटना 17 दिसंबर की है जिसका वीडियो आज सामने आया है। दिन पहले की बताई जा रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर 3 संदिग्धों की पहचान कर ली है और मामले की जांच कर रही है। लगभग पौने चार मिनट के इस सीसीटीवी वीडियो में शराब दुकान पर पथराव करते और गल्ले से रुपए लूटते हुए तीन-चार लोग दिखाई दे रहे हैं। वे रुपए निकालकर अपनी जेबों में भर रहे हैं, जबकि कुछ अन्य लोग तोड़फोड़ कर रहे हैं। शराब दुकान के वाहन से युवक को कुचलने का आरोप
यह घटना 17 दिसंबर को खरगोन के पास भुसावल-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर जामली गांव में हुए सड़क हादसे के बाद हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी है। इस हादसे में बोरखेड़ा निवासी सावन नामक युवक घायल हो गया था, जिसके बाद परिजन और 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने आक्रोश व्यक्त किया था। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए शराब ठेकेदार के वाहन को जिम्मेदार ठहराते हुए बिस्टान नाका पर चक्काजाम किया था। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट की, जो कैमरे में कैद हो गई। हालांकि, आबकारी विभाग ने अपने वाहन से घटना होने से साफ इनकार किया है। तीन दुकानों में की थी तोड़फोड़ इस मामले में बिस्टान नाका, खंडवा रोड और सनावद रोड स्थित तीन शराब दुकानों में तोड़फोड़ और लूट के मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से दो प्रकरण कोतवाली थाने में और एक जैतापुर थाने में दर्ज है। कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। तीन लोगों के नाम सामने आए हैं, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


